हृदय केंद्र शुरू होने के बाद बढ़ी जरूरत, मरीजों को मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके नागरिक अस्पताल के आपातकालीन विभाग में जल्द ही नई लिफ्ट लगाई जाएगी, जिससे मरीजों को बेहतर और त्वरित सुविधा मिल सकेगी। हाल ही में अस्पताल में हृदय केंद्र शुरू होने के बाद इस आवश्यकता को प्रमुखता से महसूस किया गया है। वर्तमान में अस्पताल में केवल एक लिफ्ट होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
हाल के दिनों में एक मरीज को लिफ्ट खराब होने के चलते समय पर हृदय केंद्र तक नहीं पहुंचाया जा सका, जिसके बाद उसकी मृत्यु हो गई थी। इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए थे। हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि मरीज की मृत्यु अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। इसके बावजूद इस घटना ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए थे।
अस्पताल में कई महत्वपूर्ण विभाग ऊपरी मंजिलों पर स्थित हैं, जिनमें गर्भवती महिलाओं से संबंधित सभी विभाग भी शामिल हैं। ऐसे में मरीजों को रैंप के जरिए ऊपर ले जाना समय लेने वाला और कई बार जोखिम भरा भी साबित होता है। एकमात्र लिफ्ट पर अधिक भार होने के कारण अक्सर भीड़ रहती है, जिससे आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर इलाज मिल पाना मुश्किल हो जाता है। विशेष रूप से बुजुर्ग और दिव्यांग मरीजों को इससे अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई लिफ्ट लगाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे आपातकालीन सेवाओं में तेजी आएगी और मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।