चेक पर अधिकृत अधिकारियों के हस्ताक्षरों की नकल कर रकम दूसरे खातों में भेजी गई
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा पर्यटन निगम के होटल राजहंस और सनबर्ड टूरिस्ट रिजॉर्ट के बैंक खातों से फर्जी हस्ताक्षर कर 145 चेक के जरिये 95.55 लाख रुपये दूसरे खातों में भेजने का आरोप है। वित्त वर्ष 2022-23 से 2024-25 के बीच हुए इन लेनदेन की विभागीय जांच के बाद सूरजकुंड थाना पुलिस ने 10 अक्तूबर को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
होटल राजहंस के सहायक महाप्रबंधक एवं फरीदाबाद जोन के जोनल हेड हरविंदर सिंह यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2025 में पर्यटन विभाग के विभिन्न परिसरों से फर्जी चेक के जरिये रकम निकाले जाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद चंडीगढ़ स्थित मुख्यालय ने जांच के लिए मुख्य लेखा अधिकारी, मुख्य अभियंता और महाप्रबंधक की कमेटी गठित की। कमेटी ने तीन अगस्त 2026 को सौंपी रिपोर्ट में फरीदाबाद के दोनों परिसरों के बैंक खातों में संदिग्ध लेनदेन का उल्लेख किया।
शिकायत के अनुसार, होटल राजहंस के खाते से संबंधित 111 और सनबर्ड टूरिस्ट रिजॉर्ट के खाते से संबंधित 34 चेक के जरिये कुल 95,55,941 रुपये निकाले जाने का आरोप है। शिकायत में कहा गया है कि चेक पर अधिकृत अधिकारियों के हस्ताक्षरों की नकल कर रकम दूसरे खातों में भेजी गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि कथित गबन में कौन-कौन शामिल था और रकम किन बैंक खातों में भेजी गई।