भीषण गर्मी में करना पड़ रहा परेशानी का सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेहतपुर-बसंतपुर रोड स्थित वार्ड-25 में पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज लोगों का गुस्सा मंगलवार देर रात फूट पड़ा। भीषण गर्मी और लगातार बिजली कटौती से परेशान स्थानीय निवासियों ने रात करीब 11 बजे सड़क पर उतरकर जाम लगा दिया।
लोगों ने ड्रम, सीढ़ियां और डंडे सड़क पर रखकर यातायात रोक दिया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। प्रदर्शन कर रहे निमेश, सुशील और कर्मवीर का कहना था कि बिजली विभाग के जेई और एसडीओ को कई बार फोन किया गया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। उन्होंने बताया कि कई शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है।
स्थानीय निवासी राकेश, नीरज और सुमित ने बताया कि लगातार बिजली न होने से घरों में छोटे बच्चों और बुजुर्गों का रहना मुश्किल हो गया है। भीषण गर्मी के कारण बच्चे बीमार पड़ रहे हैं और रातभर नींद नहीं आने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि रातभर जागने के बाद सुबह दफ्तर के लिए निकलना पड़ता है, जिससे परेशानी और बढ़ गई है।
निवासियों का कहना है कि इलाके में बिजली संकट की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन विभागीय अधिकारियों की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाया कि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर सकते हैं, लेकिन सड़क जाम करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया और अपने घर लौट गए।