टेंडर की प्रकिया पूरी होने के बाद डेढ़ से दो वर्ष में काम पूरा करने का लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। स्मार्ट सिटी के लोगों को बिजली के तारों के जाल से जल्द मुक्ति मिलेंगे। 2800 करोड़ रुपये की लागत से बिजली की लाइनों को भूमिगत किया जाएगा। इसके लिए टेंडर की प्रकिया जल्द पूरी कर ली जाएगी। टेंडर की प्रकिया पूरी होने के बाद डेढ़ से दो वर्ष में शहर की सभी बिजली लाइनों को भूमिगत किया जाएगा। इसके साथ ही बिजली के खंभे भी हटाएं जाएंगे। यह बात रविवार को केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने सेक्टर-45 और 46 में पार्कों के नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण के शुभारंभ के दौरान कही।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि दो करोड़ रुपये की लागत से नगर निगम के वार्ड नंबर 20 में आने वाले दस पार्कों का नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य स्थानीय निवासियों को एक स्वच्छ, हरित एवं आधुनिक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना है। नागरिक शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त रहने के लिए समय बिता सकें। इन सभी पार्कों में इंटरलॉकिंग टाइलें बिछाने, साफ-सफाई, मरम्मत, हरियाली और अन्य नागरिक सुविधाओं के विस्तार के कार्य किए जाएंगे।उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में सड़कों और हाईवे को जोड़ने में अभूतपूर्व सुधार किया जा रहा है।
नगर निगम की महापौर प्रवीण जोशी ने कहा कि शहर के लोगों को जलभराव की समस्या से छुटकारा दिलाया जाएगा। इसके लिए नगर निगम की ओर से नालों एवं ड्रेनेज की सफाई का अभियान चलाया जा रहा है। इस मानसून में जलभराव की समस्या में कमी आई है। नगर निगम की ओर से स्वच्छ पेयजल, सीवर, पक्की सड़कों और कूड़े की समस्या के समाधान को लेकर योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है।
बड़खल के विधायक धनेश अदलखा ने कहा कि इस क्षेत्र में सीवर, पेयजल, सड़क, ट्यूबवेल आदि से संबंधित कई करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्य प्रगति पर हैं। बड़खल क्षेत्र में चहुंमुखी विकास कराया जा रहा है। इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, महापौर प्रवीण जोशी और स्थानीय विधायक धनेश अदलखा ने लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। वहीं, समस्या दूर करने का आश्वासन दिया।