संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बिजली गुल होने से परेशान ओल्ड फरीदाबाद स्थित शास्त्री कॉलोनी के लोगों ने रोड जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कॉलोनी में पिछले 19 घंटे से बिजली गुल है। लोग रात से बिजली निगम अधिकारियों को फोन कर शिकायत कर रहे हैं, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। वहीं, बिजली निगम अधिकारियों का कहना है कि दो से तीन जगह ट्रांसफार्मर खराब होने से कई इलाके में बिजली गुल है। कर्मचारी रात से मरम्मत कार्य में लगे हैं।
स्थानीय निवासी लतेश, मनीष, पुष्पेंदर ठाकुर ने बताया कि देर रात करीब 10 बजे से आसपास की छह कॉलोनियों सहित ओल्ड बाजार में बिजली आपूर्ति प्रभावित है। लोग रात भर गर्मी में परेशान होते रहे। वहीं, बिजली गुल होने से कॉलोनी में दिनभर पानी सप्लाई प्रभावित रही। पेयजल किल्लत से परेशान लोगों ने बुधवार की शाम को रोड जाम कर बिजली निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस कर्मियों ने पहुंचकर जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन लोग नहीं मानें और कॉलोनी में बिजली सप्लाई शुरू होने पर लोगों ने जाम खोला।
इन कॉलोनियों में गुल रही बिजली
मंगलवार देर रात से सेक्टर-18, ओल्ड फरीदाबाद मार्केट, अहीरवाड़ा, ठाकुरवाड़ा, बसेलवा कॉलोनी, सैय्यदवाड़ा, खत्रीवाड़ा और शास्त्री कॉलोनी में 19 घंटे बिजली गुल रही। उमस भरी गर्मी में लोग परेशान होते रहे। वहीं, बिजली कर्मचारियों द्वारा ट्रांसफार्मर की मरम्मत का कार्य पूरा होने के बाद शाम पांच बजे सभी कॉलोनियों में बिजली सप्लाई शुरू कर दी गई।
वर्जन
रात के समय ट्रांसफार्मर में खराबी आने के कारण आधा शहर अंधेरे में डूब गया। शिकायत मिलते ही कर्मचारियों को ट्रांसफार्मर के मरम्मत कार्य के लिए भेज दिया गया। दिक्कत ज्यादा होने के कारण मरम्मत कार्य में काफी समय लग गया लेकिन फिर बिजली सप्लाई शुरू कर दी गई।
- शुभम कुमार, एसडीओ, बिजली निगम ओल्ड फरीदाबाद