चार गिरफ्तार, 15 सितंबर को आढ़ती को बंधकर बनाकर लूटे थे 70 हजार रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर 16 सब्जी मंडी के पास आढ़ती को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी घूमने के लिए मसूरी गए थे। आरोपी घूमने व नशे के आदी हैं इसलिए वह इस तरह लूट करके अपने शौक को पूरा करते थे। पुलिस की ओर से तीन आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है वहीं एक आरोपी को रिमांड पर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ओल्ड फरीदाबाद निवासी मामराज ने बताया कि 15 सितंबर को सुबह समय 4 बजे अपने घर से 70 हजार रुपये लेकर सब्जी मंडी जा रहा था। जब वह निजी अस्पताल के गेट के पास पहुंचे तो पीछे से 4 लड़के आए और उनकी गर्दन दबा दी। तभी पीछे से एक स्कॉर्पियो गाड़ी आकर रुकी और चारों लड़कों ने उनको चाकू के बल पर गाड़ी में बैठा लिया। कुछ समय के बाद उनको सेक्टर 15ए स्थित वृद्धाश्रम के सामने चलती गाड़ी से उतार दिया और उनकी जेब में रखे 70 हजार रुपये लूट कर ले गए। शिकायत पर थाना सेक्टर-17 में मामला दर्ज किया गया। इस मामले में जांच करते हुए अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान हर्ष बसेलवा कॉलोनी पुरानी चुंगी, सोहेल पलवली गांव, जतिन बसेलवा कॉलोनी व विकास गांव मेंलहपुर जिला अलीगढ़ हाल बसेलवा कॉलोनी का रहने वाला है।
गाड़ी और चाकू को किया जाएगा बरामद
अपराध शाखा सेंट्रल के प्रभारी दीपक ने बताया कि वारदात में जिस गाड़ी और चाकू का इस्तेमाल किया गया उसको अभी बरामद करना है। सभी आरोपियों को घूमने और नशा करने का शौक था। उसी शौक को पूरा करने के लिए इस तरह की लूट को अंजाम देते थे। 14 सितंबर को भी लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मसूरी घूमने के लिए गए थे। पूछताछ के बाद अन्य आरोपियों को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा।