2 जुलाई को अंबाला में बिजली मंत्री का किया जाएगा घेराव
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-23 स्थित बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता कार्यालय परिसर में हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर यूनियन के बैनर तले मंगलवार को बिजली कर्मचारियों ने मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। सर्कल सचिव लेखराज चौधरी के नेतृत्व में कर्मचारियों ने निगम प्रबंधन और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांगों का जल्द समाधान करने की मांग उठाई।
यूनियन के स्टेट कमेटी के नेता विनोद शर्मा ने कहा कि कर्मचारियों की लड़ाई केवल बिजली निगम प्रबंधन से ही नहीं, बल्कि प्रदेश सरकार से भी है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित कर्मचारियों की जायज मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिसके चलते कर्मचारी आंदोलन के लिए मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि 14 सूत्रीय मांगों में कर्मचारियों के होम सर्कल ट्रांसफर, कच्चे कर्मचारियों को नियमित करना, समान काम के बदले समान वेतन लागू करना, हरियाणा एग्री डिस्कॉम के गठन का विरोध कराना आदि प्रमुख मांगें शामिल हैं।
यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और निगम प्रबंधन ने कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो 2 जुलाई को अंबाला में बिजली मंत्री अनिल विज का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं हो जाता।