- अमेजॉन ऑफिस पर परिजनों का जोरदार प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। अमेजॉन के 19 वर्षीय डिलीवरी बॉय आकाश की सड़क हादसे में मौत के दो महीने बाद भी परिवार को एक्सीडेंटल क्लेम न मिलने पर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को मृतक के परिजनों ने सैकड़ों डिलीवरी बॉयज के साथ मिलकर फरीदाबाद स्थित अमेजॉन कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि आकाश की मौत को दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन कंपनी की ओर से अब तक कोई आर्थिक सहायता नहीं दी गई है। परिजनों के मुताबिक, नियमों के तहत अधिकतम 10 लाख रुपये तक का एक्सीडेंटल क्लेम मिलना तय था। इसके बावजूद कंपनी और प्रशासन कागजी कार्रवाई का हवाला देकर मामले को अटकाए हुए हैं।
आकाश के पिता ने बताया कि दो महीने से हम दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हमारी सुध लेने वाला कोई नहीं है। हमारा युवा बेटा चला गया और अब कंपनी अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रही है। प्रदर्शन कर रहे साथी डिलीवरी बॉयज ने चेतावनी दी है कि यदि कंपनी ने जल्द ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और क्लेम राशि जारी नहीं की, तो वे काम बंद कर बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।