बिजली चोरी पकड़ने गई टीम से मारपीट मामले में विरोध जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। फतेहपुर बिल्लौच गांव में बिजली चोरी पकड़ने गई टीम के साथ मारपीट की गई। उसी के विरोध में बिजली विभाग के कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया है। इस घटना से आक्रोशित कर्मचारियों ने छांयसा सब डिवीजन कार्यालय पर धरना प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
गांव फतेहपुर बिल्लौच में बिजली चोरी की शिकायत मिलने के बाद छांयसा सब डिवीजन के जूनियर इंजीनियर राजकुमार और उनकी टीम जांच के लिए गांव पहुंची थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर जब बिजली चोरी से संबंधित वीडियो बनाना शुरू किया, तो वहां मौजूद एक दुकानदार और कुछ ग्रामीणों ने विरोध करते हुए टीम के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट करते हुए आरोपियों ने विभागीय कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी छीन लिए और उन्हें धमकाया।
घटना की सूचना तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस को दी गई। उसके बाद जेई राजकुमार सहित टीम के अन्य सदस्यों ने अस्पताल में मेडिकल करवाया। थाना सदर में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस की कार्रवाई न होने से नाराज बिजली विभाग के कर्मचारियों ने शुक्रवार की सुबह से सब डिवीजन कार्यालय पर काम बंद कर धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों का कहना है कि बिजली चोरी रोकना उनकी ड्यूटी है और अगर ऐसे में उनके साथ मारपीट होती है और पुलिस कोई सख्त कदम नहीं उठाती तो वह काम पर कैसे जाएंगे। धरना स्थल पर मौजूद यूनियन कर्मचारियों ने निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की मांग की है। वहीं विभागीय अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोपरि है।