नौ फीडरों की बिजली आपूर्ति ठप्प, एक लाख से अधिक आबादी को नहीं मिली बिजली
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। शहर के बस अड्डे पर स्थित 66 केवी पावर हाउस के नियंत्रण कक्ष के विस्तार के लिए हो रहे निर्माण के दौरान पावर ट्रांसफार्मर की एचटी की इनकमिंग केबल क्षतिग्रस्त हो गई। इस कारण हथीन शहर के दो बिजली फीडरों सहित नौ फीडरों की बिजली आपूर्ति अचानक ठप हो गई। शहर के अलावा तीन दर्जन से अधिक गांवों की बिजली सप्लाई फिर से बंद हो गई। लगभग चार घंटे से बिजली सप्लाई बाधित रही। समाचार लिखे जाने तक बिजली कर्मचारी यांत्रिक फॉल्ट एवं केबल को जोड़ने में लगे हुए हैं। एक लाख से अधिक आबादी को बिजली सप्लाई नहीं मिल पा रही है।
बिजली निगम के एसडीओ जसवीर बेनीवाल ने विद्युत प्रसारण निगम के स्टाफ से बात की। उनका कहना है कि यांत्रिक खराबी दुरुस्त होने के बाद ही सप्लाई शुरू की जाएगी। बिजली सप्लाई ठप होने के कारण उमस भरी गर्मी के बीच लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली सप्लाई न होने से वाटर सप्लाई भी प्रभावित हो गई है। शहर के कई इलाकों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की आपूर्ति भी नहीं हो पाई। जन स्वास्थ्य विभाग के जूनियर इंजीनियर योगेंद्र शर्मा ने बताया कि बिजली सप्लाई शुरू होते ही पानी की सप्लाई की जाएगी। बिजली निगम के एसडीओ जसवीर बेनीवाल ने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की है। स्टाफ काम पर लगा हुआ है।