संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। राजकीय विद्यालय बड़खल में शुक्रवार को मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 450 विद्यार्थियों और 13 शिक्षकों ने भाग लिया। मानसिक स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट प्रीति यादव और ओएसटी काउंसलर अनीता ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, नशा मुक्ति और लर्निंग डिसेबिलिटी के प्रति जागरूक किया।
विशेषज्ञों ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को तनाव, परीक्षा के दबाव, चिंता और अवसाद के लक्षणों की पहचान तथा समय पर उपचार के बारे में जानकारी दी गई। नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों पर चर्चा करते हुए युवाओं को इससे दूर रहने की सलाह दी गई । इस दौरान जिला नागरिक अस्पताल में उपलब्ध निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं, दिव्यांग पेंशन योजना और टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 की जानकारी भी साझा की गई।