कंपनी के निदेशकों समेत संबंधित संस्थाओं को भी नोटिस जारी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रियल एस्टेट कंपनी टीडीआई इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के खिलाफ धनशोधन मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 349.55 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी अटैच की हैं। जांच एजेंसी की इस कार्रवाई के बाद कंपनी प्रबंधन पर कानूनी दबाव बढ़ गया है। मामले में कंपनी के निदेशकों समेत संबंधित संस्थाओं को भी नोटिस जारी किए गए हैं।
ईडी के अनुसार, कंपनी ने वर्ष 2005 से 2014 के बीच हरियाणा के कुंडली और सोनीपत क्षेत्र में 26 आवासीय और वाणिज्यिक परियोजनाएं लॉन्च की थीं। इन परियोजनाओं के नाम पर 14,105 ग्राहकों से करीब 4619.43 करोड़ रुपये जुटाए गए। जांच एजेंसी का आरोप है कि ग्राहकों से ली गई राशि का इस्तेमाल परियोजनाओं को पूरा करने के बजाय दूसरी कंपनियों में निवेश, जमीन खरीद और पुराने कर्ज चुकाने में किया गया। जांच में कई परियोजनाओं के अधूरे होने और ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट लंबित मिलने की बात सामने आई है। पार्क स्ट्रीट समेत कई प्रोजेक्ट वर्षों बाद भी पूरे नहीं हो सके। ईडी ने इन संपत्तियों को अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए अटैच किया है। गुरुग्राम जोनल ऑफिस की ओर से दायर शिकायत पर पटियाला हाउस कोर्ट की विशेष पीएमएलए अदालत ने कंपनी, निदेशक रविंदर तनेजा, कमल तनेजा और डीएन तनेजा समेत संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किए हैं। सूत्रों के अनुसार संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे गिरफ्तारी की कार्रवाई भी हो सकती है। ईडी इससे पहले वर्ष 2024 में भी कंपनी की 45.49 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच कर चुकी है। हालिया कार्रवाई में 304.06 करोड़ रुपये की अतिरिक्त संपत्तियां जांच के दायरे में लाई गई हैं।