बल्लभगढ़ जाने वाले लोगों को अब सेक्टर-2 और 64 के रास्ते आवागमन करना होगा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मोहना रोड पर पिछले 1 साल से एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। निर्माण कार्य की वजह से शुक्रवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे चंदावली चौक से बल्लभगढ़ की ओर जाने वाले रास्ते को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया है। इस रास्ते से होकर बल्लभगढ़ जाने वाले लोगों को अब सेक्टर-2 और सेक्टर-64 के रास्ते आवागमन करना होगा।
मोहना रोड पर 256 करोड़ रुपये की लागत से एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य किया जा रहा है। 30 से अधिक पिलर तैयार हो चुके हैं। वहीं कहीं जगह पर फाउंडेशन का कार्य किया जा रहा है। आदर्श नगर थाने से शुरू होकर सिटी पार्क दशहरा मैदान पर जाने वाला 2.75 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड के बनने के बाद लोगों को जाम से छुटकारा मिलेगा।
आदर्श नगर थाने के पास एलिवेटेड रोड के उतार व चढ़ाव बनाने के चलते वहां पर खुदाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। खुदाई के दौरान लोगों को जाम की समस्या से जूझना न पड़े इसके लिए पत्थर लगाकर रास्ते को बंद कर दिया गया है। अब इस रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालकों को मार्केट जाना है, तो वह सेक्टर-2 के रास्ते से बाजार में जा सकते हैं। वही सेक्टर-64 के रास्ते महिला थाने से आगे होकर ऊंचा गांव के रास्ते मलेरना रोड से अपने गंतव्य तक जा सकते हैं। इस रास्ते के बंद होने से लोगों को दो से तीन किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ेगा।
चालकों ने बढ़ा दिया किराया
बल्लभगढ़ से चंदावली दयालपुर को जाने वाले ऑटो चालक भी अब मलेरना रोड के रास्ते सेक्टर-64 के रास्ते चंदावली जा रहे हैं। इससे यात्रियों के साथ-साथ ऑटो चालकों को भी परेशानी हो रही है। इसी वजह से कुछ ऑटो चालकों की ओर से किराये में वृद्धि कर दी गई है। इससे यात्रियों की जेब पर असर देखने को मिल रहा है।