पलवल। केएमपी एक्सप्रेस-वे पर सोमवार को शराब के नशे में धुत ट्रक चालक ने हरियाणा पुलिस की सरकारी बस को टक्कर मार दी। हादसे में बस चला रहा सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
शिकायत के अनुसार, पुलिस परिवहन शाखा पलवल में तैनात सिपाही जगमोहन 16 फरवरी की सुबह सरकारी बस लेकर चंडीगढ़ हाईकोर्ट जा रहा था। बस में एक जांच अधिकारी भी सवार थे। जब बस केएमपी एक्सप्रेस-वे पर मिंड़कोला रोड से आगे पहुंची, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक चालक ने लापरवाही से बस को ओवरटेक कर अचानक आगे ब्रेक लगा दिया। बस चालक ने टक्कर से बचने की कोशिश की, लेकिन बस ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। हादसे में सिपाही जगमोहन के दोनों पैरों, बाएं हाथ और छाती पर गंभीर चोटें आई हैं। आरोपी चालक की पहचान मधेपुरा (बिहार) निवासी अशोक के रूप में हुई है, जो अत्यधिक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद