मंझावली के लोगों ने लगाया माहौल खराब करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
तिगांव। मंझावली गांव में ईदगाह की जमीन पर बनीं अवैध दुकानों पर नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि जब वे इसका विरोध करते हैं तो बदमाश झगड़ने पर उतारू हो जाते हैं। गांव के चौराहे से यमुना पुल की ओर जाने वाले रास्ते की शुरुआत में ही सड़क के दोनों ओर ईदगाह की जमीन है। यह जमीन हरियाणा वक्फ बोर्ड के अधीन है। स्थानीय लोगों ने वक्फ बोर्ड के अधिकारी को इसके खिलाफ शिकायत दी है लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला गया। कब्जे के चलते पीडब्ल्यूडी विभाग की सड़क पर भी अवैध अतिक्रमण हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ईदगाह की जमीन पर कब्जा करके कई अवैध कारोबार किए जा रहे हैं। यह जगह नशे के आदी लोगों का अड्डा बनता जा रहा है। शराब का सेवन करने वाले लोग अपना वाहन बीच सड़क पर ही खड़ा कर देते हैं।
इस चौराहे से गांव की बहन-बेटियां भी गुजरती हैं। लेकिन शाम के समय यहां से उनका निकलना मुश्किल हो जाता है।- कृष्ण यादव, निवासी
ईदगाह की जमीन पर बनीं दुकानों में चल रही अवैध गतिविधियों से पूरे गांव का माहौल खराब हो रहा है। पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए। - भारत लुहेरा, निवासी
वर्जन
क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले को लेकर आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। -राजवीर सिंह, थाना प्रभारी, तिगांव