बालक व बालिका दोनों वर्गों की टीम के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का परिचय दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय की कबड्डी टीम ने गुरुग्राम विश्वविद्यालय के इंटर महाविद्यालय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक वर्ग में सेमीफाइनल और बालिका वर्ग में फाइनल में जगह पक्की कर ली है।
बालक वर्ग में टीम ने जीआईटीएम महाविद्यालय को 57-22 के बड़े अंतर से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। कप्तान लोकेश और उपकप्तान प्रदीप के बेहतरीन नेतृत्व में सुमित, विशेष और विक्की जैसे खिलाड़ियों ने शानदार खेल का परिचय दिया, जिससे टीम ने जीत हासिल की।
वहीं, बालिका वर्ग में द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय की टीम ने निरंकारी कॉलेज, सोहना को 32-3 से मात देते हुए फाइनल में अपना स्थान मजबूत किया। कप्तान हिमांशी के साथ-साथ सपना, काजल और आशिका ने भी टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया और जीत में अहम भूमिका निभाई।
महाविद्यालय के खेल विभाग के अध्यक्ष डॉ. सुनील डबास और कविता सहरावत ने दोनों टीमों को उत्कृष्ट प्रदर्शन पर बधाई दी। प्राचार्य डॉ. पुष्पा अंतिल ने खिलाड़ियों और खेल विभाग को उनकी मेहनत के लिए सराहना करते हुए आगामी मुकाबलों में जीत की शुभकामनाएं दीं।