सुबह से छाए रहे बादल, शाम को हल्की बारिश ने बढ़ाई ठंडक, एक्यूआई 93 दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शनिवार को सुबह से ही मौसम सुहावना बना रहा। आसमान में बादल छाए रहने और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को पिछले कई दिनों से जारी उमस भरी गर्मी से राहत मिली। सुबह बड़ी संख्या में लोग पार्कों में सैर करने पहुंचे। दोपहर तक मौसम खुशनुमा रहने से बाजारों में भी लोगों की आवाजाही बढ़ी रही।
दोपहर करीब दो बजे हल्की धूप निकली, लेकिन ज्यादा देर तक नहीं टिकी। शाम करीब चार बजे के बाद शहर के कई हिस्सों में बूंदाबांदी शुरू हो गई। बूंदाबांदी के दौरान मौसम का आनंद लेने के लिए लोग घरों से बाहर निकले। पार्कों में शाम के समय भी लोगों की अच्छी संख्या दिखाई दी। वहीं, कई दुपहिया वाहन चालक बूंदाबांदी के बीच सफर करते हुए मौसम का आनंद लेते नजर आए।
शनिवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले दिनों अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंच गया था। ऐसे में तापमान में करीब 9 डिग्री की गिरावट से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने मौसम में ठंडक बढ़ा दी। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव जारी रहने की संभावना है।
नमी और प्रदूषण ने बढ़ाई सांस के मरीजों की परेशानी
मौसम में बदलाव के साथ हवा में नमी बढ़ने और प्रदूषण का स्तर भी लोगों के लिए चिंता का कारण रहा। शनिवार को शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 93 दर्ज किया गया। एनआईटी क्षेत्र में एक्यूआई 123 और सेक्टर-16 में 100 दर्ज किया गया। बीके अस्पताल में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मोहित अग्रवाल ने बताया कि मौसम में अचानक बदलाव, बढ़ी नमी और प्रदूषण का स्तर हृदय व सांस के मरीजों की परेशानी बढ़ा सकता है। अस्थमा और हृदय रोगियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। ऐसे मौसम में इन मरीजों को सुबह की सैर से बचना चाहिए। जरूरी होने पर ही बाहर निकलें और प्रदूषण से बचाव के लिए मास्क का इस्तेमाल करें। दवाएं नियमित रूप से लेते रहें। सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द या घबराहट होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।