जनवरी से अक्तूबर तक 165 वाहनों के चालान काटे गए
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में सवारियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए चलने वाले ऑटो और ई-रिक्शा में यात्रियों के साथ सामान भी ढोया जा रहा है। इससे वाहन में बैठने की जगह कम हो जाती है और यात्रियों को असुविधा के बीच सफर करना पड़ता है। कई बार सामान के कारण यात्रियों को ठीक से बैठने तक की जगह नहीं मिलती। वहीं, कुछ वाहन चालक सामान को वाहन से बाहर तक निकालकर ले जाते हैं। ऐसे में सड़क पर दूसरे वाहनों के लिए भी खतरा बना रहता है। यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से अक्तूबर 2026 तक यात्री वाहनों में सामान ढोने पर 165 चालान किए गए। वहीं, वाहनों से बाहर सामान निकालकर ले जाने (लोड प्रोजेक्शन) के 649 चालान किए गए।
यातायात थाना प्रभारी अनोज कुमार का कहना है कि सड़क पर सुचारू यातायात बनाए रखने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। वाहन चालकों को निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाने और यात्री वाहनों का इस्तेमाल सामान ढोने के लिए नहीं करने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।