संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके चौक स्थित स्लिप रोड पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा हाल ही में चलाए गए नो पार्किंग अभियान और चालान कार्रवाई के बावजूद स्थिति में कोई खास सुधार नहीं देखा जा रहा है। कार्रवाई के दो दिन बाद ही वाहन चालक फिर से बेखौफ होकर स्लिप रोड पर वाहन खड़े करने लगे हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
यह स्लिप रोड यातायात को सुचारू बनाने और मुख्य सड़क पर दबाव कम करने के उद्देश्य से बनाई गई थी, लेकिन अवैध पार्किंग के कारण इसका उद्देश्य लगातार प्रभावित हो रहा है। सुबह और शाम के व्यस्त समय में यहां वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है और राहगीरों के साथ-साथ अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
राहगीरों का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई के बाद कुछ समय तक सुधार दिखाई देता है, लेकिन बाद में फिर से स्थिति पहले जैसी हो जाती है। वाहन चालक स्लिप रोड को पार्किंग स्थल के रूप में इस्तेमाल करने लगते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है।