कम कमिशन और सुरक्षा के मुद्दे को लेकर जताया विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-46 स्थित फायर स्टेशन पर शनिवार को ओला व उबर जैसी कैब कपंनियों के खिलाफ चालकों ने प्रदर्शन किया। कई परिचालकों ने एकजुट होकर ओला, उबर सेवा का बहिष्कार करते हुए अपनी मांगों रखीं। चालकों का कहना है कि ओला और उबर जैसी कंपनियां उचित पारिश्रमिक नहीं देती हैं और अधिक कमीशन लेती है। कंपनी ग्राहकों के दुर्व्यवहार करने पर उनकी जानकारी चालकों के साथ साझा करना भी उचित नहीं समझती। इन सब मुद्दों को लेकर चालकों ने रोष जताया है।
प्रदर्शन कर रहे चालकों का कहना है कि कैब कंपनी उनकी मेहनत का उचित पारिश्रमिक नहीं दे रही हैं। चालकों से अधिक कमीशन लिया जा रहा है, जिससे उनकी आय लगातार प्रभावित हो रही है। वहीं, किसी कस्टमर की ओर से दुर्व्यवहार करने की स्थिति में कंपनी कोई सहयोग नहीं करती और चालकों को उस ग्राहक की जानकारी तक नहीं दी जाती, जिससे उनकी सुरक्षा पर सवाल खड़े हो जाते हैं। चालकों का कहना है कि बढ़ती महंगाई और फ्यूल खर्च के बावजूद कैब कंपनी अपने लाभ के लिए कमीशन दरें बढ़ा रही हैं, जबकि चालकों की स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा और जिले भर में सेवाओं को बंद किया जा सकता है। ड्राइवरों ने उबर प्रबंधन से कमिशन घटाने, पारदर्शी नीति बनाने और सुरक्षा की दृष्टि से ग्राहकों की आवश्यक जानकारी मुहैया करवाने की मांग की है।
-
हम दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन उबर कंपनी हमारी कमाई का बड़ा हिस्सा कमीशन के रूप में काट लेती है। - रमेश, चालक
अगर कोई कस्टमर बदतमीजी करता है या गलत व्यवहार करता है, तो हमें उसकी जानकारी तक नहीं दी जाती। -हीरा, चालक
हम बस इतना चाहते हैं कि कंपनी हमारी बात सुने, कमिशन कम करे और चालकों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए। अशोक कुमार, चालक