एक डंपर डिवाइडर पर चढ़ गया और रेड लाइट के पोल से जा टकराया
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। पुलिस कमिश्नर रोड पर सोमवार सुबह करीब सात बजे दो डंपरों की टक्कर हो गई। हादसे में एक डंपर चालक घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक डंपर डिवाइडर पर चढ़ गया और रेड लाइट के पोल से जा टकराया।
इससे पोल टूटकर सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया और बड़ी जनहानि टल गई। जानकारी के अनुसार डंपर चालक विनोद कुमार सूरजकुंड की तरफ से खाली डंपर लेकर बड़खल पुलिस कमिश्नर रोड होते हुए सेक्टर-28 की ओर जा रहा था। अनखीर गोल चक्कर के आगे रेड लाइट पर कई वाहन और एक डंपर खड़ा था। सामने वाहनों को देखकर विनोद ने डंपर रोकने के लिए ब्रेक लगाया लेकिन अचानक ब्रेक ने काम नहीं किया। ब्रेक फेल होने के कारण डंपर बेकाबू होकर रेड लाइट पर खड़े दूसरे डंपर के पीछे जा टकराया। इसके बाद वह डिवाइडर पर चढ़ते हुए रेड लाइट के पोल से जा भिड़ा। टक्कर के कारण पोल टूटकर सड़क पर गिर गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने चालक विनोद को डंपर से बाहर निकाला। उसे नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे घर भेज दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त डंपर को हटाकर पास के खुले मैदान में खड़ा कराया गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के अन्य कारणों की भी जांच कर रही है।