सीवर के पानी से बीमारी फैलने का खतरा, टैंकरों पर निर्भर हुए निवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पर्वतीय कॉलोनी में इन दिनों पेयजल संकट गहराया हुआ है। कई घरों में साफ पानी के बजाय गंदा और दुर्गंधयुक्त पानी पहुंच रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पानी में सीवर का पानी मिलकर आने से लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है।
गंदे पानी और दुर्गंध के कारण लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो रहा है। निवासियों के अनुसार, घरों में आने वाला पानी इतना गंदा है कि उसे पीना तो दूर, घरेलू कार्यों में इस्तेमाल करना भी मुश्किल है। पानी की समस्या के चलते लोगों को रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने के लिए टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। इससे उन्हें अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी आरती और बबली का कहना है कि गंदे पानी के सेवन से पेट संबंधी बीमारियों समेत अन्य संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। कई दिनों से समस्या बनी होने के बावजूद इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लोगों ने संबंधित विभाग से पेयजल लाइन की जांच कराने और सीवर की समस्या को दूर करने की मांग की है। निवासियों ने बताया कि पानी की आपूर्ति के समय घरों में दुर्गंध फैल जाती है। बच्चों और बुजुर्गों को लेकर भी परिवार चिंतित हैं।