बल्लभगढ़। बस स्टैंड के सामने मुख्य सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने बृहस्पतिवार को कार्रवाई की। मिठाई बेचने के लिए सड़क पर टेंट लगाकर रास्ता घेरने वाले दुकानदारों के खिलाफ निगम के तोड़फोड़ दस्ते ने अभियान चलाया।
टीम ने सड़क पर लगाए गए अस्थायी टेंट और अन्य अवैध ढांचों को हटाकर रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराया। निगम कर्मचारियों ने सार्वजनिक स्थान पर रखा सामान भी हटाया। संबंधित दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण मिलने पर नियमानुसार जुर्माना और अन्य कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण के कारण राहगीरों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। सब इंस्पेक्टर संजय ने बताया कि त्योहारों के दौरान इस क्षेत्र में लोगों की आवाजाही काफी बढ़ जाती है। ऐसे में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई यातायात को सुचारु रखने के लिए जरूरी है। संवाद