36 से 48 घंटे में हो रही पानी की आपूर्ति, दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-85 के डी ब्लॉक में पिछले कई दिनों से पेयजल संकट गहराता जा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्हें 36 से 48 घंटे के अंतराल में पानी की आपूर्ति हो रही है, जिसके कारण दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। स्थिति यह है कि कई परिवारों को अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए निजी टैंकरों से पानी मंगवाने पर मजबूर होना पड़ रहा है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
निवासियों का कहना है कि पानी की अनियमित आपूर्ति के कारण घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं। खाना बनाने, कपड़े धोने और साफ-सफाई जैसी सामान्य गतिविधियों में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच पानी की कमी ने महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
निवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि गर्मी के इस मौसम में पानी जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव उनकी दिनचर्या और जीवन दोनों को प्रभावित कर रहा है।
-
दो-दो दिन तक पानी नहीं आने से घर का पूरा काम प्रभावित हो जाता है। मजबूरी में महंगे दामों पर टैंकर मंगवाना पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को हो रही है।- ज्ञानिंदर खटाना, आरडब्ल्यूए प्रधान
पानी की समस्या लगातार बनी हुई है। कई बार अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। हर महीने टैंकरों पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है, जिससे परिवार का बजट बिगड़ रहा है।-सुमित शर्मा