संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-10 के एच ब्लॉक में लंबे समय से पेयजल समस्या बनी हुई है। इसके चलते निवासियों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सेक्टर में सीवर मिश्रित पानी आ रहा है, जोकि न तो पीने योग्य है और न ही गृह कार्य के उपयोग में लाया जा सकता है। इससे सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को घरेलू कार्य करने में हो रही है।
आरडब्ल्यूए प्रधान रेखा व शीतल ने बताया कि गंदे पानी के चलते घरों में लोगों को दुर्गंध का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा निवासियों में बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। सेक्टर में छोटे बच्चे और बुजुर्ग बीमार पड़ रहे हैं। गंदा पानी न तो बर्तन धोने और न खाना बनाने के उपयोग में लाया जा सकता है। कई बार लोग टैंकरों से पानी भरवाते हैं। इससे उनकी आर्थिक स्थिति पर असर पड़ रहा है। प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए। निवासियों का कहना है कि पेयजल संकट को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समाधान नहीं किया गया है।