संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। पृथला क्षेत्र के जवा गांव में मुख्य मार्ग पर नालियों के ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सड़कों पर जमा हो गया है। इससे राहगीरों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को मजबूरी में गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं और बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या काफी समय से बनी हुई है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। गांव के निवासी सहदेव ने बताया कि कई दिनों से सड़क पर गंदा पानी भरा हुआ है। कभी-कभी नालियों की सफाई कर दी जाती है, जिससे कुछ समय के लिए पानी कम हो जाता है, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर से नालियां जाम हो जाती हैं और सड़क पर कई फीट तक पानी भर जाता है।
उन्होंने बताया कि सड़क पर पानी भरने की वजह से दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। कई बार लोग फिसलकर गिर भी जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसके अलावा गंदा पानी जमा रहने से आसपास के लोगों में बीमारियों का डर भी बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण यह समस्या बार-बार सामने आ रही है। यदि समय-समय पर नालियों की सफाई कराई जाए तो इस समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।