पलवल। महिला थाना में विवाहिता से दहेज उत्पीड़न और मारपीट की शिकायत पर पुलिस ने पति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़िता सीमा सैफी ने आरोप लगाया है कि उसका पति शहबाज उसे दहेज की मांग को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था।
शिकायत के अनुसार, सीमा का विवाह साल 2020 में बुलंदशहर निवासी शहबाज के साथ हुआ था। विवाह के शुरुआती कुछ महीनों तक सब कुछ सामान्य रहा लेकिन इसके बाद ससुराल पक्ष द्वारा उसे ताने दिए जाने लगे। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे बच्चा न होने के कारण अपमानित किया जाता था। इसके साथ ही बिना डॉक्टर की सलाह के जबरदस्ती दवाइयां दी जाती थीं, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। सीमा ने बताया कि उसके परिवार ने शादी में सोने-चांदी के आभूषण सहित लाखों रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष पांच लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पति भी महिला को प्रताड़ित करता था। वहीं, अन्य परिजनों की संलिप्तता नहीं पाई गई। इसके आधार पर महिला थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच एएसआई मुन्नी को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संवाद