अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। गांव सारन में एक व्यक्ति ने घर में पालतू कुत्ते के घुसने पर उसे पीट-पीट कर मार डाला। पीड़ित की शिकायत पर थाना सारन पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी फरार है। तलाश की जा रही है।
सारन गांव निवासी मोनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने एक कुत्ता पाला हुआ था, जो पिछले छह साल से उनके पास था। बुधवार वह पड़ोसी कमल के घर में चला गया। आरोप है कि कमल ने डंडे से उसे बेरहमी से पीटा। गंभीर अवस्था में वह उसे एनआईटी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे ओल्ड फरीदाबाद के एक पशु अस्पताल में रेफर कर दिया। डाॅक्टर ने कुत्ते को कई इंजेक्शन भी लगाए, दवा भी दी। उसके बाद उसे घर भेज दिया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। सारन थाना पुलिस ने मोनू की शिकायत पर कमल के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
11 सितंबर 2022- मलेरना रोड पिता व पुत्र ने कुत्ते की लाठियों से पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। उसके पांच बच्चों को भी मार दिया था।
7 अक्तूबर-2022 बल्लभगढ़ के गांव मिर्जापुर में बिजली निगम के वाहन की चपेट में आने से 25 दिन के एक कुत्ते की मौत हो गई थी।
13 दिसंबर 2022- कार चालक ने रोड किनारे पर खड़ी कुतिया और उसके चार पिल्लों को कुचल दिया था। यह हादसा नेशनल हाइवे स्थित शहनाई गार्डन के पास हुआ था।