फेसिंग लोकेशन आधारित उपस्थिति का विरोध जताया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एम्स शाखा में हरियाणा सरकार की ओर से इमरजेंसी चलाई जा रही है। जिसमें तैनात डॉक्टर व नर्सिंग स्टॉफ ने सोमवार को कॉली पट्टी बांधकर फेसिंग लोकेशन आधारित उपस्थिति दर्ज करवाने के आदेशों को वापस नहीं लेने का विरोध जताया। यदि सरकार ने उनकी बात नहीं मानी तो 4 अगस्त को एक घंटे तक काम का बहिष्कार करेंगे।
ऑल नर्सिंग ऑफिसर वेलफेयर एसोसिएशन की जिला प्रधान रिंपी गहलावत व सीनियर नर्सिंग ऑफिसर रचना यादव, महासचिव ऋतु दहिया ने बताया कि सरकार केवल स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों पर इस तरह के गैर व्यावहारिक और असंवैधानिक निर्णयों को थोप रही है, जोकि व्यक्ति की निजता और संविधान में वर्णित स्वतंत्रता के अधिकारों पर सीधा हमला है। विभाग में पूर्व में ही बायोमेट्रिक आधारित हाजिरी लगाई जा रही है। सरकार ने हर कर्मचारी की लोकेशन आधारित जियो फेसिंग उपस्थिति के फरमान जारी किए हैं।
यह भारत के संविधान व सर्वोच्च न्यायालय की टिप्पणी अनुसार नागरिकों के मूलभूत अधिकारों व निजता का हनन है। सरकार के उक्त आदेश बिल्कुल आधारहीन और गैर कानूनी हैं। इसी कारण सोमवार को सभी नर्सिंग स्टॉफ व डॉक्टरों ने काली पट्टी बांध कर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही सरकार की ओर से जियो फेंसिंग हाजिरी प्रणाली के आदेशों को निरस्त नहीं किया गया तो 4 अगस्त को दोबारा से सुबह 10 बजे से 11 बजे तक एक घंटे के काम का बहिष्कार करेंगे।