संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके नागरिक अस्पताल के कंटेनर वार्ड में डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी भीषण गर्मी के बीच ड्यूटी करने को मजबूर हैं। हाल ही में कंटेनर वार्ड से चार एयर कंडीशनर चोरी होने के बाद हालात और खराब हो गए हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें एक डॉक्टर हाथ के पंखे से हवा करते हुए मरीजों को देख रहे हैं।
वीडियो में डॉक्टर ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि कंटेनर वार्ड में कूलर भी ठीक से काम नहीं कर रहा है। धातु की चादरों से बने कंटेनर वार्ड में गर्मी और उमस अधिक रहती है। ऐसे में घंटों तक ड्यूटी करना मुश्किल हो जाता है और पसीने से तरबतर रहना पड़ता है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि एसी चोरी की घटना की शिकायत पुलिस को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।