उपमुख्यमंत्री के निर्देश पर 24 घंटे में मिली नौकरी
बल्लभगढ़। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के समक्ष रोजगार के लिए गुहार लगाने वाले दिव्यांग कौशलेंद्र को बृहस्पतिवार हरियाणा परिवहन विभाग में पूछताछ केंद्र पर तैनात कर दिया।
बुधवार को ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में अध्यक्षता करने आए उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के सामने दिव्यांग कौशलेंद्र ने वीटा दूध का बूथ या तहसील में कोई बूथ दिलवाने की गुहार लगाई थी। कौशलेंद्र ने उन्हें बताया था कि वह 12वीं तक पढ़ा है, मगर दिव्यांग होने के कारण उसे कोई नौकरी नहीं देता है। इस पर उपमुख्यमंत्री ने बैठक में मौजूद हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक भारत भूषण गोगिया को उसे पूछताछ केंद्र में तैनात करने के लिए कहा था। बृहस्पतिवार को महाप्रबंधक भारत भूषण गोगिया ने कौशलेंद्र की योग्यता अनुसार उसे पूछताछ केंद्र पर तैनात कर दिया। कौशलेंद्र ने इसके लिए उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और महाप्रबंधक भारत भूषण गोगिया का आभार जताया। ब्यूरो