छोटा सिलिंडर लेकर भटकते रहते हैं मजदूर, फिर भी नहीं मिल रही गैस
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में गैस संकट लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है। गैस सिलिंडर लेने के लिए लोग अपना काम छोड़कर एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं। एजेंसियों पर इंटरनेट की समस्या लगातार बनी हुई है, जिसके कारण बुकिंग प्रक्रिया धीमी हो गई है और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कई लोग सुबह से लाइन में लगकर सिलिंडर बुक कराने की कोशिश कर रहे हैं। शनिवार को भी शहर की अलग-अलग गैस एजेंसियों पर इसी तरह का नजारा देखने को मिला।
दूसरी ओर फरीदाबाद औद्योगिक क्षेत्र में रहने वाले मजदूरों की रोटी पर संकट गहरा गया है। इनमें से कई लोगों के पास गैस कनेक्शन नहीं है और वे दुकानों से गैस भरवाते हैं। मौजूदा संकट के चलते दुकानदारों ने गैस के दाम बढ़ाकर करीब 300 रुपये प्रति किलोग्राम कर दिए हैं। वहीं कई दुकानों पर गैस खत्म भी हो चुकी है, जिससे मजदूर छोटे सिलिंडर लेकर भटकते रहते हैं फिर भी उनको गैस नहीं मिलती है। जिससे उनके सामने खाना बनाने की समस्या खड़ी हो गई है।
स्ट्रीट फूड विक्रेताओं ने बढ़ाए दाम
गैस महंगी होने का असर शहर के स्ट्रीट फूड और नाश्ता बेचने वालों पर भी पड़ा है। कई विक्रेताओं ने खाने-पीने की चीजों के दाम 20 से 25 प्रतिशत तक बढ़ा दिए हैं। उनका कहना है कि ब्लैक में सिलिंडर करीब तीन हजार रुपये तक मिल रहा है, इसलिए कीमत बढ़ाना मजबूरी बन गया है। हालात सामान्य होने पर ही दाम कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।
आंगनबाड़ियों पर पड़ सकता है असर
जिले की आंगनबाड़ियों में बच्चों को दिए जाने वाले मिड डे मील पर गैस संकट का असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल व्यवस्था सामान्य है और बच्चों को नियमित रूप से मिड डे मील दिया जा रहा है। आंगनबाड़ी केंद्रों में अभी गैस सिलिंडर का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, जिससे खाना बनाने में किसी तरह की दिक्कत नहीं आ रही है। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
लोगों से बातचीत
घर में गैस खत्म हो गई है। यहां इंटरनेट की दिक्कत होने के कारण सिलिंडर बुक नहीं हो पा रहा है। मैं सुबह से इंतजार कर रहा हूं।- कपिल कुमार
एजेंसी के कर्मचारी कह रहे हैं कि तुम्हारे सिलिंडर की लिमिट खत्म हो गई है। उन्होंने दूसरी किताब लाने को कहा है। घर पर अभी कुछ ही दिनों की गैस बची है।- गौरव
प्रशासन को इस संकट का समाधान निकालना चाहिए। लगातार इंटरनेट की दिक्कत की वजह से लोग परेशान हो रहे हैं। मैं सुबह से ही बुकिंग के इंतजार में बैठा हूं। - निक्की
मेरे क्षेत्र में दुकानों पर पहले 300 रुपये किलो गैस मिल रही थी, लेकिन अब वह भी खत्म हो गई है। प्रशासन को बाहर के लोगों के बारे में सोचने की आवश्यकता है।- ज्ञानसिंह