राजकीय महिला महाविद्यालय में 29वें दीक्षांत समारोह का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-16ए स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में 29वें दीक्षांत एवं वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। दीक्षांत समारोह में 382 छात्राओं को उपाधियां प्रदान की गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त प्राचार्या डॉ. नीर कंवल मणि ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में वाणिज्य विभाग के पूर्व प्रोफेसर डॉ. दिनेश जून और राजनीतिक विज्ञान विभाग की सेवानिवृत्त एसोसिएट प्रोफेसर शालिनी तुली मौजूद रहीं। समारोह की अध्यक्षता प्राचार्या डॉ. सुनिधि ने की। प्राचार्या डॉ. सुनिधि ने वार्षिक प्रति वेदन प्रस्तुत करते हुए शैक्षिक, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 382 छात्राओं को उपाधियां प्रदान की गईं, जिनमें एमकॉम, बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए, बीजेएमसी और बीटीटीएम जैसी पाठ्यक्रमों की छात्राएं शामिल थीं।
मुख्य अतिथि डॉ. नीर कंवल मणि ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की शैक्षिक यात्रा का अहम पड़ाव होता है। शिक्षा केवल डिग्री तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन को सार्थक बनाने और जिम्मेदार नागरिक बनने का मार्ग है। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भरता और नारी सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. दिनेश जून ने मेहनत और निरंतरता को सफलता की कुंजी बताया। जबकि शालिनी तुली ने छात्राओं की प्रतिभा की सराहना की और मानवीय मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया। समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। विश्वविद्यालय स्तर पर उपलब्धियों के लिए तीन छात्राओं को रोल ऑफ ऑनर, सात को कॉलेज कलर, छह को यूथ फेस्टिवल प्रदर्शन, पांच को खेल उपलब्धि और 66 छात्राओं को अकादमिक उत्कृष्टता पर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन का दायित्व डॉ. बलराम यादव और डॉ. रमन कुमार ने निभाया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक और कर्मचारी उपस्थित रहे।