पलवल। जिला नागरिक अस्पताल में मरीज और स्टाफ लिफ्ट की खराब हालत से जूझ रहे हैं। अस्पताल में कुल चार लिफ्ट हैं, लेकिन उनमें से केवल तीन ही काम कर रही हैं। सबसे बड़ी समस्या लेबर वार्ड के पास लगी लिफ्ट की है, जो आज तक शुरू नहीं हो सकी।
इसके अलावा, चालू लिफ्टों में लगे पंखे भी काफी समय से खराब पड़े हुए हैं। लिफ्ट ऑपरेटर ने बताया कि पंखों को ठीक कराने की मांग पिछले छह महीने से की जा रही है। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी विभाग को कई बार पत्र लिखकर लेबर वार्ड की लिफ्ट चालू करने और अस्पताल प्रशासन को उसे हेंडओवर करने का अनुरोध किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
विज्ञापन
अस्पताल स्टाफ का कहना है कि आपातकालीन स्थिति में यदि लिफ्ट अचानक रुक जाए और अंदर पंखा न चले तो लोगों के लिए सांस लेना मुश्किल हो जाएगा। तेज गर्मी में खराब पंखों के कारण लिफ्ट में घुटन और असुविधा बढ़ जाती है। मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण जगह पर बुनियादी सुविधाओं की उपेक्षा खतरनाक है। उनका आरोप है कि प्रशासन और जिम्मेदार विभाग मामले में उदासीन बने हुए हैं।
अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के कारण रोजाना मरीजों और स्टाफ को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका का कहना है कि लिफ्टों और पंखों की मरम्मत तुरंत कराई जाए, ताकि किसी अप्रत्याशित आपात स्थिति में गंभीर हादसा होने से बचा जा सके।
मामले की जानकारी मिली है। जल्द ही लिफ्ट और उसमें लगे पंखों को ठीक कराया जाएगा। तकनीकी टीम को निर्देश दे दिए गए हैं। मरीजों और परिजनों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। -अमन, जेई, पीडब्ल्यूडी