फरीदाबाद। भीषण गर्मी के बीच बीके नागरिक अस्पताल में मरीजों को मिल रही सुविधाओं की वास्तविक स्थिति उस समय सामने आ गई, जब स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पताल का अचानक दौरा किया। हाल ही में अस्पताल परिसर से कूलर हटाने का वीडियो चर्चा में आने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा और प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामभगत अस्पताल पहुंचे और विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कई वार्डों में लगे एसी बंद हालत में मिले। अधिकारियों ने मौके पर ही व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश दिए। मरीजों को राहत देने के लिए तत्काल तीन कूलर मंगवाकर वार्डों में लगवाए गए। अस्पताल में पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जांच के दौरान कई वाटर कूलर सही तरीके से काम करते नहीं मिले। अधिकारियों ने खराब मशीनों को तुरंत दुरुस्त कराने के आदेश दिए। निरीक्षण के बाद सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा ने पाई गई खामियों पर कहा कि अस्पताल की कई व्यवस्थाओं में सुधार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि एसी के रखरखाव में लापरवाही सामने आई है और संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद