श्याम कॉलोनी की वारदात के बाद गायब हुआ आरोपी पति छपरा से दबोचा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। श्याम कॉलोनी में पत्नी की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में वांछित आरोपी पति को अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने बिहार के छपरा से गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अपनी बीमार मां को इलाज के लिए फरीदाबाद लाने को लेकर पत्नी से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान उसने गुस्से में वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार आरोपी अरुण कुमार निवासी बेलहरी, जिला बलिया (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी श्याम कॉलोनी, सेहतपुर को 21 जुलाई को छपरा (बिहार) से गिरफ्तार किया गया। अदालत में पेश करने के बाद उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान हत्या में प्रयुक्त चाकू और अन्य साक्ष्यों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कुछ समय पहले पत्नी किरण देवी के साथ बेटे करण के पास फरीदाबाद रहने आया था। इसी दौरान उसकी मां की तबीयत खराब होने की सूचना मिली, जिसके बाद वह उन्हें इलाज के लिए फरीदाबाद ले आया। आरोपी के अनुसार मां के फरीदाबाद आने को लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होता था। पुलिस के मुताबिक 16 जुलाई को दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि गुस्से में आकर अरुण कुमार ने पत्नी की गर्दन और शरीर पर चाकू से कई वार किए। वारदात के बाद वह मौके से भाग गया।
मृतका के बेटे करण की शिकायत पर पल्ला थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया था। शिकायत के अनुसार गंभीर रूप से घायल किरण देवी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी का पीछा किया और उसे छपरा से गिरफ्तार कर लिया।