आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने की कार्रवाई, अलग-अलग थानों में 24 केस हैं दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद । निवेशकों से ठगी के मामलों में कार्रवाई करते हुए आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने एसआरएस लिमिटेड के निदेशक विनोद कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। इनके खिलाफ फरीदाबाद के अलग-अलग थानों में 24 केस दर्ज हैं। आरोपी निदेशक ने पूछताछ में बताया कि लोगों को गुमराह कर एफडी पर बैंक से अधिक ब्याज देने व सस्ते दाम पर प्लॉट या फ्लैट देने का लालच देकर ठगी की गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
आर्थिक अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने ये कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार एसआरएस ग्रुप की ओर से फरीदाबाद में लोगों के साथ प्लॉट / फ्लैट बेचने के नाम पर ठगी की गई। इसे लेकर एसआरएस ग्रुप के खिलाफ फरीदाबाद के कई थानों में एफआईआर लोगों की शिकायत पर दर्ज की गई। आर्थिक अपराध शाखा की टीम इन मामलों में जांच कर रही है। एसआरएस लिमिटेड कंपनी भी एसआरएस ग्रुप की ही मुख्य कंपनी है जिसके खातों में ठगी का पैसा लिया गया। सेक्टर-31 थाने के 4 मामलों में कार्रवाई करते हुए अब एसआरएस लिमिटेड के निदेशक सेक्टर-14 निवासी विनोद कुमार गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद जेल भेजा है।