पुलिस ने जारी कराई हुई थी एलओसी, 1 नवंबर की रात दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर किया गिरफ्तार
आरोपी प्रवीण कुमार कपूर फरीदाबाद सेक्टर-14 का रहने वाला है
साल 2018 में एसआरएस ग्रुप के खिलाफ सेक्टर-31 थाने में दर्ज हुई थी एफआईआर
एसआरएस ग्रुप को लोन दिलाने में बना था बैंक गारंटर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एसआरएस ग्रुप के निवेशकों से फर्जीवाड़े के मामले में 7 साल से फरार चल रहा ग्रुप की फर्म के निदेशक को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी प्रवीण कुमार कपूर सेक्टर-14 फरीदाबाद का रहने वाला है। साल 2018 में सेक्टर-31 थाने में एफआईआर दर्ज होने के बाद वह विदेश भाग गया था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एलओसी जारी कराई हुई थी। एसआरएस ग्रुप को बैंकों से लोन दिलाने में ये गारंटर था। 1 नवंबर की देर रात दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को 4 दिन के रिमांड पर लेकर पुलिस टीम पूछताछ कर रही है।
सेक्टर-31 थाने में ये एफआईआर 4 मार्च 2018 को दर्ज हुई थी। मामले में गोपाल शर्मा व अन्य ने पुलिस को एसआरएस ग्रुप के खिलाफ साजिश के तहत ठगी व निवेशकों का पैसा हड़पने के आरोप लगाए थे। केस दर्ज कर पुलिस ने जांच की तो पाया कि एसआरएस ग्रुप ने विभिन्न बैंकों से लोन लिया था। लोन के बारे में जांच हुई तो पता चला कि सेक्टर-14 का रहने वाला प्रवीण कुमार कपूर एसआरएस ग्रुप द्वारा बैंक से लोन लेने के संबंध में गारंटर था। आरोपी की तलाश शुरू हुई तो पता चला कि वो विदेश भाग गया। पुलिस ने आरोपी को अदालत से भगौड़ा घोषित कराया और उसके खिलाफ एलओसी जारी कराई।
अब पकड़े गए आरोपी प्रवीण कुमार कपूर से शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सेक्टर-31 थाने के मामले में 7 साल से फरार चल रहा था। वह एसआरएस ग्रुप द्वारा विभिन्न बैंकों से लगभग 835 करोड़ रुपये का लोन लेने के मामले में गारंटर था। वह एसआरएस ग्रुप की एक फर्म एसआरएस नॉलेज एंड टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड में निदेशक था। इस फर्म में निवेशकों का पैसा निवेश हुआ था। एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी विदेश चला गया। ये 7 साल के दौरान अमेरिका, जापान, चीन व दुबई में रहा। आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही पुलिस ने केस की जांच भी फिर से शुरू कर दी है।