शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ समाधान, लोगों को परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-81 की जर्जर सड़क स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए लगातार परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क की बदहाल स्थिति के चलते लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में एक बड़ा स्कूल और दो आवासीय सोसाइटियां स्थित हैं, जिसके कारण इस मार्ग पर सुबह और शाम वाहनों व लोगों की आवाजाही काफी अधिक रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क लंबे समय से टूटी हुई है। जगह- जगह गड्ढे होने के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कई बार संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
वीआईपी फ्लोर सोसाइटी निवासी सोहनलाल फोगाट और गौरव का कहना है कि बरसात के बाद सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को भारी परेशानी होती है। स्कूल जाने वाले बच्चों, अभिभावकों और वरिष्ठ नागरिकों को भी इस मार्ग से गुजरने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बीपीटीपी सोसाइटी निवासी मुकेश और जोगेंद्र का कहना है कि बार-बार शिकायतों और अधिकारियों के आश्वासनों के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सेक्टर-81 की सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए और जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से भी राहत मिल सके। उनका कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।