बल्लभगढ़ (संदीप पाराशर )। अब जिले में लोगों के लिए ऑटो में सवारी करना भी महंगा पड़ने वाला है। दरअसल पहली मार्च से ही ऑटो फिटनेस जांच में डिजिटल मीटर अनिवार्य कर दिया गया है। ऐसे में गुरुग्राम की तर्ज पर जल्द ही अब शहर की सड़कों पर केवल डिजिटल मीटर वाले ऑटो दौड़ सकेंगे। वहीं परिवहन विभाग की ओर से डिजिटल मीटर की तर्ज पर किराया वसूली के लिए प्रति किलोमीटर की एवज में रेट फिक्स कर दिए हैं।
विभाग के आंकड़ों के अनुसार मौजूदा समय में करीब 29,500 ऑटो सड़कों पर दौड़ रहे हैं। जल्द ही यह सभी ऑटो डिजिटल मीटर से लेस होंगे। वहीं, एक मार्च से नए नियम लागू होने के बाद से अब तक लगभग 15 ऑटो की फिटनेस जांच हुई है। वहीं परिवहन विभाग के अधिकारियों ने हाल ही में शहर के तमाम ऑटो डीलर्स की बैठक कर आदेश भी पारित कर दिए हैं कि अब नए ऑटो पर वह डिजिटल मीटर लगा कर दें। संवाद
सवारियों को देना पड़ेगा ज्यादा किराया
विभाग की मानें तो प्रति किलोमीटर आठ रुपये की दर से डिजिटल मीटर में किराया ऑटोमेटिक तरीके से अपडेट होगा। अगर रात्रि के समय में 11 बजे के बाद से सुबह पांच बजे तक ऑटो सुविधा ली जाएगी तो इन दरों में 25 प्रतिशत वृद्धि होगी। वहीं अगर आप ऑटो को बुलाकर इंतजार कराते हैं तो आप को 30 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
-
दो तरह के ऑटो को मिलेगी इजाजत
- छोटे ऑटो में केवल एक साथ तीन लोग सफर कर सकेंगे
- बड़े ऑटो में छह सवारी एक साथ सफर कर सकेगी। इसके लिए अब ऑटो चालकों को अपने साथ की सीट हटानी होगी।
-विभाग के फिटनेस अधिकारी को कहा गया है कि वे उन ऑटो की फिटनेस जांच करते समय उन्हीं ऑटो को प्राथमिकता दें, जो डिजिटल मीटर से लेस हैं। डिजिटल मीटर की कीमत 2250 रुपये तय की गई है। इससे अधिक कीमत वसूलने पर विभाग से संपर्क करें।
-जितेंद्र कुमार, जिला परिवहन अधिकारी
-
हमारे लिए मीटर लगाना शुरू में कठिन लग रहा था, लेकिन मीटर लगने के बाद हमसे अन्य ऑटो चालक व सवारी मीटर के बारे में पूछते हैं। अगर मीटर से ऑटो चलते हैं तो इससे चालकों को फायदा मिलेगा।
- यशपाल, ऑटो चालक बाईपास रोड
-
सवारी पर अतिरिक्त भार पड़ेगा
परिवहन विभाग के इस कदम से आम सवारी पर अतिरिक्त भार पड़ेगा। सवारी बल्लभगढ़ से बदरपुर मात्र 20 रुपये में सफर तय कर लेती है, लेकिन अब यह सफर 150 रुपये का हो जाएगा।
-अभिषेक अग्रवाल निवासी सेक्टर -10