लोगों ने कहा यात्रियों को भ्रम की स्थिति का सामना करना पड़ता है
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ से पलवल के बीच करीब 24 किलोमीटर के रूट पर अलग-अलग राज्यों की रोडवेज बसों में किराये का अंतर सामने आया है। यदि हरियाणा रोडवेज को आधार माना जाए तो उत्तर प्रदेश रोडवेज का किराया करीब छह से सात प्रतिशत अधिक बैठता है। वहीं राजस्थान रोडवेज का किराया लगभग तीन से चार प्रतिशत ज्यादा है। दूसरी ओर हिमाचल की बसों में यही सफर हरियाणा के मुकाबले करीब 10 प्रतिशत सस्ता पड़ रहा है।
एक ही रूट और लगभग समान दूरी होने के बावजूद किराये में यह अंतर यात्रियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। रोजाना कामकाज, पढ़ाई और व्यापार के सिलसिले में सफर करने वाले लोगों का कहना है कि किराये में समानता होनी चाहिए, ताकि यात्रियों को भ्रम की स्थिति का सामना न करना पड़े। परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रत्येक राज्य अपनी परिवहन नीति, टैक्स संरचना और संचालन लागत के आधार पर किराया तय करता है, इसी कारण अलग-अलग रोडवेज में मामूली अंतर देखने को मिलता है।