फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: जिले में डायलिसिस यूनिट, एसएनएसपी क्लीनिक और अमृत फार्मेसी का शुभारंभ, स्वास्थ्य सेवाओं मिलेगी मजबूती

विज्ञापन
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती: जिले में डायलिसिस यूनिट, एसएनएसपी क्लीनिक और अमृत फार्मेसी का शुभार
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने पंचकूला से किया ऑनलाइन उद्घाटन, फरीदाबाद में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में शुक्रवार को कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की। जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कृष्ण पाल गुर्जर ने श्री अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, छांयसा में डायलिसिस सेवा तथा बीके सिविल अस्पताल में एसएनएसपी क्लीनिक और अमृत फार्मेसी का शुभारंभ किया।



प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन नायब सिंह सैनी ने पंचकूला से ऑनलाइन माध्यम से किया, जिसका लाइव प्रसारण जिलों में किया गया। कार्यक्रम में धनेश अदलखा, सतीश फागना, टेकचंद शर्मा, प्रवीण बत्रा जोशी, विजय सिंह, पंकज पूजन रामपाल और आयुष सिन्हा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन



15 डायलिसिस मशीनों से मरीजों को मिलेगी राहत



कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि हरियाणा सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को जनहितकारी और सुलभ बनाने के लिए लगातार ऐतिहासिक कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि छांयसा स्थित मेडिकल कॉलेज में 15 डायलिसिस मशीनों के साथ शुरू की गई नई सेवा किडनी रोगियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। उन्होंने कहा कि गंभीर किडनी रोग से पीड़ित मरीजों को सप्ताह में कई बार डायलिसिस करानी पड़ती है। अब उन्हें दूर-दराज के शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और स्थानीय स्तर पर ही बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे मरीजों का समय और आर्थिक खर्च दोनों कम होंगे।



मेडिकल कॉलेज में मिल रहीं आधुनिक सुविधाएं



कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर स्थापित मेडिकल कॉलेज स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 में स्थापित इस मेडिकल कॉलेज को 2022 में एमबीबीएस पाठ्यक्रम की अनुमति मिली थी और वर्तमान में यहां चार बैच अध्ययनरत हैं। 470 बिस्तरों वाले इस संस्थान में 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं, ओपीडी, आईपीडी, आधुनिक प्रयोगशालाएं, रेडियोलॉजी सुविधाएं तथा कैंसर मरीजों के लिए डे-केयर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।



महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए शुरू हुए एसएनएसपी क्लीनिक



बीके सिविल अस्पताल में शुरू किए गए एसएनएसपी क्लीनिक को महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया गया। कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि राज्य सरकार सिविल और उप जिला अस्पतालों में महिलाओं के लिए समर्पित सहायता केंद्र स्थापित कर रही है।
इन केंद्रों पर महिलाओं को स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, पोषण, टीबी और गैर संचारी रोगों (एनसीडी) से संबंधित सेवाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही महिलाओं को सम्मानजनक और सुरक्षित वातावरण देने पर भी जोर रहेगा।


अमृत फार्मेसी में सस्ती दरों पर मिलेंगी दवाइयां



कार्यक्रम में अमृत फार्मेसी का भी शुभारंभ किया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य मरीजों को जीवनरक्षक दवाइयां और मेडिकल इम्प्लांट सस्ती दरों पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि कैंसर और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज में उपयोग होने वाली दवाइयों की कीमतें आम लोगों पर भारी आर्थिक बोझ डालती हैं। अमृत फार्मेसी में ऐसी दवाइयां बाजार मूल्य से करीब 50 प्रतिशत तक कम दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी।


उन्होंने बताया कि यह योजना वर्ष 2015 में एम्स नई दिल्ली से शुरू हुई थी और वर्तमान में देश के 24 राज्यों तथा 5 केंद्र शासित प्रदेशों में 257 अमृत फार्मेसियां संचालित हैं।
विज्ञापन




स्वस्थ समाज निर्माण सरकार की प्राथमिकता



कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल बीमारियों का इलाज करना नहीं बल्कि स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि श्री अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय भविष्य में हरियाणा सहित पूरे क्षेत्र में चिकित्सा सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनेगा। इस अवसर पर अंजलि श्रोत्रिया, उषा कुंडू, अंकित कुमार, डॉ. जयंत आहूजा और मूर्ति दलाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें