ज्वाइनिंग के लिए गए तो कंपनी ने कहा मेवात के लोगों को नहीं रखेंगे काम पर
15 युवाओं ने लगाया कंपनी पर गंभीर आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिला के पंद्रह युवाओं के साथ कथित भेदभाव का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, हरियाणा कौशल रोजगार निगम, पंचकूला द्वारा हैवी ड्राइवर पद के लिए इन युवाओं को आधिकारिक मैसेज भेजकर 26 फरवरी को पथरेडी में एक निजी कंपनी में इंटरव्यू के लिए बुलाया गया। युवाओं ने निर्धारित तिथि पर पहुंचकर अपने सभी आवश्यक दस्तावेज जमा कराए और इंटरव्यू के बाद ज्वाइनिंग प्रक्रिया पूरी की।
आरोप है कि दस्तावेज जमा करवाने के करीब दो घंटे बाद संबंधित अधिकारियों ने इन युवाओं को यह कहकर ज्वाइनिंग देने से मना कर दिया कि वे मेवात क्षेत्र के निवासी हैं, इसलिए उन्हें नियुक्ति पत्र जारी नहीं किया जाएगा। इस कथित टिप्पणी के बाद युवाओं में रोष व्याप्त है और उन्होंने इसे क्षेत्रीय आधार पर भेदभाव करार दिया है।
पीड़ित युवा मुस्ताक पुत्र मुद्दीन निवासी माहौली व जावेद निवासी राजाका का कहना है कि यदि उन्हें नियुक्त नहीं करना था तो मैसेज भेजकर बुलाने और दस्तावेज जमा कराने का क्या औचित्य था। मामले को लेकर जिला नूंह के जनप्रतिनिधियों से हस्तक्षेप की मांग उठने लगी है। स्थानीय लोगों ने विधायकों और सांसदों से आग्रह किया है कि वे इस मुद्दे को विधानसभा में उठाएं। युवाओं ने कहा कि वे भी हरियाणा के नागरिक हैं और क्षेत्र के नाम पर रोजगार से वंचित किया जाना पूरी तरह अस्वीकार्य है। जिला उपायुक्त अखिल पिलानी का कहना है कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। अगर कोई शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कराई जाएगी।