संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। ऑल हरियाणा पॉवर कॉरपोरेशन वर्कर यूनियन के आह्वान पर एसडीओ हथीन के कार्यालय पर कर्मचारियों ने धरना दिया। धरना देने वाले कर्मचारियों का आरोप है कि एसडीओ गैरजिम्मेदाराना रवैया अपनाए हुए हैं।
धरने की अध्यक्षता सब यूनिट प्रधान राशिद जाकिर व मंच संचालन सचिव विष्णु सेहरावत ने किया। धरने को संबोधित करते हुए यूनिट सचिव वेदपाल तेवतिया व यूनिट वरिष्ठ उप प्रधान गोपाल रावत ने बताया कि एसडीओ को कर्मचारियों की मांगों व समस्याओं का मांग पत्र लगभग आठ महीना पहले दिया था, परंतु तमाम मांग व समस्या अभी तक भी ज्यों की त्यों बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि कर्मचारियों के कार्य करने के लिए सुरक्षा उपकरण नहीं है। जिससे जान हथेली पर रखकर उपभोक्ताओं व निगम को सुचारू ढंग से बिजली उपलब्ध कराने का काम कर रहे हैं। सर्किट स्विच नहीं होने अथवा डायरेक्ट होने के कारण उपभोक्ताओं को सुचारू रूप से बिजली नहीं मिल पा रही है। सामान को लाने ले जाने के लिए गाड़ी नहीं है, जिससे काम करने में काफी दिक्कत होती है।