Despite the decrease in infection rate, cases of death are coming out every day, in 24 hours one death, new 407 cases came
फरीदाबाद। कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम होती नजर आ रही है। बीते 24 घंटों में जिले में 407 नए मामले आए। दोगुने से अधिक 1061 मामले स्वस्थ हुए। एक संक्रमित की मौत भी हुई है। इस तरह के हालात औद्योगिक नगरी सहित पड़ोसी जिलों के साथ पूरे प्रदेश में हैं। जहां संक्रमितों की मौत का सिलसिला अभी जारी है। हर दिन 24 घंटे में मौत का आंकड़ा अपडेट हो रहा है। बावजूद इसके प्रदेश स्तर से जारी जांच रिपोर्ट में टेस्टिंग का कोई आंकड़ा उपलब्ध नहीं। ऐसे में मामले जांच के अनुपात में कम हो रहे हैं या नहीं इसका आंकलन मुश्किल है। हालांकि जिला स्तर पर जांच तीन से चार हजार प्रतिदिन बनी हुई है।
जिले में संक्रमण दर लगातार कम हो रही है। बीते एक सप्ताह में ही सक्रिय मामलों की दर में 56 प्रतिशत कमी आई है। मौजूदा समय में 5440 मरीज जिले में उपचाराधीन हैं। दिसंबर माह के अंत में संक्रमण के मामले एक बार फिर बढ़ने शुरू हुए। लगातार नए मामलों के साथ जिले में सक्रिय मामलों की दर में उछाल आया। स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर लगातार कम बनी रही। इन दिनों स्वस्थ होने वाले मामलों की दर नए मामलों की तुलना में दोगुने से अधिक है। इस माह 20 जनवरी से 28 जनवरी तक एक सप्ताह में ही लगभग 56 प्रतिशत सक्रिय मामले स्वस्थ हुए हैं। आंकड़ों के अनुसार 20 जनवरी तक जिले में 12,257 सक्रिय मामले थे। यह संख्या फिलहाल घटकर 5,440 रह गई है।
प्रदेश में 27 दिनों में 171 लोग जिंदगी की जंग हारे
प्रदेश स्तर पर कोविड मरीजों की मौत का आंकड़ा तीसरी लहर की दस्तक के साथ ही शुरू हो गया था। प्रदेश में पहले सप्ताह में एनसीआर के बजाय कैथल और पंचकूला से मौत के मामले सामने आए। इस समय जिले में कुल मौत के मामले 10066 थे जो चार जनवरी तक बढ़कर 10068 हो गए। इस दौरान पूरे प्रदेश में 4036 सक्रिय मामले रहे। वहीं, एनसीआर जिले गुरुग्राम और फरीदाबाद में नए मामले बढ़ने शुरू हो गए थे। पहले सप्ताह में गुरुग्राम में नए मामलों का औसत 600 व फरीदाबाद में 150 के आसपास रहा। वहीं, दूसरे और तीसरे सप्ताह में यह औसत बढ़कर 3500 और 1900 तक पहुंच गया। हालांकि 27 जनवरी तक पूरे प्रदेश में कुल संक्रमितों की मौत का आंकड़ा बढ़कर 10237 हो गया। इसका सीधा मतलब है कि बीते 27 दिनों में 171 लोग जिंदगी की जंग हार गए। इसमें गुरुग्राम में कुल 950 और फरीदाबाद में 732 लोगों की मौत हो गई। मौजूदा समय में बेशक कोरोना का पीक हल्का होता नजर आ रहा हो लेकिन मौत के आंकड़े अब भी लगातार अपडेट हो रहे हैं। ऐसे में संक्रमण दर में कमी महज कोरोना की घातकता को कम आंकने के लिए पर्याप्त नहीं।