फरीदाबाद। उपायुक्त यशपाल ने शनिवार को जिले में कोविड-19 से निपटने के लिए प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने ऑक्सीजन प्लांटों, कोविड केयर सेंटरों और टीकाकरण अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लांटों और अन्य जगहों पर आए लोगों से भी बात की और उनकी समस्याएं जांनी। उन्हें अधिकारियों से बात कर समाधान का आश्वासन भी दिया।
उन्होंने विभिन्न ऑक्सीजन प्लांटों के माध्यम से रिफिल कर दी जाने वाले सिलिंडर की सप्लाई के संबंध में प्लांट के पदाधिकारियों से जानकारी हासिल की। उन्होंने निर्देश दिए कि लोगों को ऑक्सीजन सप्लाई सुनिश्चित करने के सभी आवश्यक कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए आपूर्ति को उठाए जा रहे सभी आवश्यक कदमों कि संबंधित अधिकारी समय-समय पर जांच कर रहे है। इस संबंध में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इस बात को ध्यान भी रखा जाए। उन्होंने लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी हासिल की और उनका तत्परता से निदान और सुझावों पर भी विचार करने का आश्वासन दिया।
इसके बाद वह पीएचसी पनहैरा खुर्द पहुंचे और चिकित्सा अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने स्थानीय लोगों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी हासिल कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने टीकाकरण के लिए भी लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने नहरपार स्थित डीपीएस पब्लिक स्कूल में बनने वाले कोविड केयर सेंटर का भी निरीक्षण किया और वहां उपस्थित अधिकारियों से स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। इस मौके पर एसडीएम परमजीत चहल आदि मौजूद रहे।