आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के आवेदकों को राहत, सरकार ने दोबारा खोला पोर्टल
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर में किफायती आवास की आस लगाए बैठे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के आवेदकों को बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत आवेदन कर चुके लेकिन समय पर फीस जमा नहीं कर पाए लाभार्थियों के लिए सरकार ने पोर्टल दोबारा खोल दिया है। फरीदाबाद में 9137 फ्लैट मे से 5407 की बुकिंग हो गई है।
अब पात्र आवेदक 25 फरवरी तक 10 हजार रुपये की टोकन मनी जमा कर अपनी फ्लैट बुकिंग सुरक्षित कर सकते हैं। नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल ने बताया कि नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग से लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लिए आरक्षित फ्लैटों की बुकिंग प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए यह अवसर दिया गया है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर राशि जमा करना अनिवार्य है अन्यथा आवेदक अगली सूची से बाहर हो सकते हैं।
जिला परियोजना अधिकारी द्वारका प्रसाद के अनुसार पात्र आवेदकों की नामवार सूची जारी कर दी गई है और इसकी सूचना समाचार पत्रों में भी प्रकाशित की जा चुकी है। आवेदक आधिकारिक वेबसाइट https://hfa.haryana.gov.in पर जाकर ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। किसी तकनीकी दिक्कत की स्थिति में 0172-2585852 पर संपर्क किया जा सकता है।
फरीदाबाद में काफी अहम है योजना
फरीदाबाद में पिछले कुछ वर्षों में प्रॉपर्टी की कीमतों में तेजी आई है। औद्योगिक इकाइयों और दिल्ली से सटे होने के कारण यहां बड़ी संख्या में श्रमिक और निम्न आय वर्ग के परिवार किराये पर रहने को मजबूर हैं। सेक्टर-56, 58, खेड़ी पुल, बड़खल और बल्लभगढ़ क्षेत्र में किराये के मकानों की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में इस योजना के तहत फ्लैट मिलने से हजारों परिवारों को स्थायी छत मिल सकती है। नगर निगम सूत्रों के मुताबिक जिले से बड़ी संख्या में आवेदन आए थे जिनमें से भौतिक सत्यापन के बाद पात्रों को ही सूची में शामिल किया गया है। कई आवेदक ऐसे भी थे जो दस्तावेजी कमी या समय सीमा के कारण फीस जमा नहीं कर पाए थे। पोर्टल दोबारा खुलने से उन्हें दूसरा मौका मिला है।
इन शहरों में भी चल रही प्रक्रिया
योजना के तहत गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, पानीपत और रोहतक में प्लॉट व फ्लैट बुकिंग की प्रक्रिया जारी है। पात्रता उन्हीं आवेदकों की मानी जाएगी जिन्होंने पहले पंजीकरण कराया और भौतिक सत्यापन में योग्य पाए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि 25 फरवरी के बाद पोर्टल स्वतः बंद हो जाएगा और अतिरिक्त समय दिए जाने की संभावना नहीं है। ऐसे में पात्र लाभार्थियों से समय रहते प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है। योजना को शहरी गरीबों के लिए घर के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।