स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को 185 संदिग्ध मरीजों के सैंपल की जांच की थी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बारिश के बाद शहर में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ ही डेंगू का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे डोर-टू-डोर सर्वे और रैपिड मास टेस्टिंग के दौरान शुक्रवार को डेंगू के दो नए मरीज मिले। इसके साथ ही जिले में इस सीजन में डेंगू के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को 185 संदिग्ध मरीजों के सैंपल की जांच की थी, जिनमें दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
डेंगू की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें मरीजों के संपर्क में रहने वाले परिजनों और आसपास के लोगों को भी जागरूक कर रही हैं। लोगों को घर और आसपास पानी जमा नहीं होने देने, कूलर और पानी की टंकियों की नियमित सफाई करने तथा मच्छरों से बचाव के लिए पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने की सलाह दी जा रही है।
जलभराव वाले इलाकों पर विशेष नजर
पिछले दिनों हुई बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव हुआ है। खाली प्लॉट, निर्माणाधीन साइट, घरों की छतों पर रखे कंटेनर, पुराने टायर और कूलर आदि में जमा पानी मच्छरों के लिए अनुकूल वातावरण बना रहा है। स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीमें ऐसे स्थानों पर लगातार सर्वे कर रही हैं। डोर-टू-डोर सर्वे के दौरान घरों में मच्छरों के लार्वा की जांच की जा रही है। इसके साथ ही लोगों को डेंगू से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं। संदिग्ध मरीज मिलने पर उनके सैंपल लेकर जांच कराई जा रही है, ताकि संक्रमण की पहचान समय रहते की जा सके।
नियमों की अनदेखी पर 36 को नोटिस
मच्छरों के पनपने की स्थिति मिलने पर नगर निगम की ओर से कार्रवाई भी की जा रही है। जांच के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले 36 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीमें घरों, संस्थानों और आसपास के क्षेत्रों में जमा पानी की निगरानी कर रही हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार डेंगू की रोकथाम के लिए लोगों की सहभागिता जरूरी है। घरों और आसपास कहीं भी पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द, आंखों के पीछे दर्द या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण होने पर चिकित्सक से परामर्श लेने और जरूरत पड़ने पर डेंगू की जांच कराने की सलाह दी गई है।