बल्लभगढ़। शहर के व्यापारी एकता सेवा मंच ने हरियाणा के मुख्यमंत्री व गृहमंत्री को ट्वीट कर बल्लभगढ़ के बाजार को निश्चित समय सम-विषम तरीके से खोलने की मांग की है। व्यापारी चाहते हैं कि सरकार के इस कदम से न केवल ग्राहकों को सामान उपलब्ध होगा, बल्कि मजदूर वर्ग को काम मिलेगा।
व्यापारी एकता सेवा मंच की तरफ से सोनू अग्रवाल, वरुण अग्रवाल ने बताया कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए हरियाणा सरकार एक-एक सप्ताह करके तीन सप्ताह का लॉकडाउन लगा चुकी है। इससे कोरोना के मामलों में गिरावट भी आई है और लोगों के ठीक होने की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। बाजारों में किराना, दूध-दही, सब्जी, मेडिकल स्टोर व डॉक्टर की दुकानें ही खोलने दी जा रही है और व्यापारी भी सरकार की इस मुहिम में पूरा साथ दे रहे हैं।
व्यापारी श्याम सुंदर मित्तल ने कहा कि लॉकडाउन में कुछ समस्याएं भी आ रही हैं। बच्चों की ऑनलाइन कक्षाएं चालू हैं। इससे बच्चों को पढ़ने को स्टेशनरी सामान न मिलने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। गोपाल सिंगला ने कहा कि अगर बाजार को एक निश्चित समय के लिए खोला जाता है, तो मजदूर वर्ग को कार्य मिलेगा, जिससे उनको परेशान नहीं होना पडे़गा। समस्या को लेकर व्यापारी सुमित गर्ग कहते हैं कि ऐसे ही समस्या शादियों की है। सरकार ने शादी की इजाजत दी हुई है। बाजार में लोग कपड़े व अन्य सामानों के लिए आते हैं, लेकिन दुकानें नहीं खुल रही हैं।