निवासियों ने क्षेत्र की समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। आरडब्ल्यूए सेक्टर-76 बीपीटीपी की ओर से खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर का स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सेक्टर के निवासियों ने भाग लिया। इस दौरान बीपीटीपी क्षेत्र के सभी 15 सेक्टरों से जुड़े जनहित के मुद्दे मंत्री के समक्ष रखे गए।
आरडब्ल्यूए पदाधिकारी विनोद नागर और निवासियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। लोगों ने बीपीटीपी क्षेत्र को नगर निगम में शामिल करने की मांग भी प्रमुखता से रखी। मंत्री राजेश नागर ने निवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और बीपीटीपी के सभी 15 सेक्टरों को जल्द से जल्द नगर निगम में शामिल कराने का आश्वासन दिया। मंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि क्षेत्र से जुड़े जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।